बलरामपुर,रघुनाथनगर :– होलीका दहन कार्यक्रम के दौरान एक दलित युवक के साथ जातिसूचक गालियां, मारपीट और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना रघुनाथनगर में लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलपुर निवासी नन्दलाल पर्सिया (35 वर्ष) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 3 मार्च 2026 की रात लगभग 11:30 बजे वह होलीका दहन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान गांव के ही ज्योति आदित्य और प्रविण कृष्ण (पिता बेनी माधव गुप्ता) ने कथित रूप से उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए पीछे रहने को कहा पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड, लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई विष्णुकांत को भी लोहे की रॉड से मारा गया, जिससे उसके हाथ में सूजन आ गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपियों ने अपने घर के सामने रोककर बंदूक दिखाते हुए पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। पीड़ित ने कहा कि किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग पाए। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी दबंग और प्रभावशाली हैं, जिससे परिवार को लगातार खतरा बना हुआ है।

पीड़ित ने पुलिस से अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बंदूक दिखाने की घटना का सीसीटीवी फुटेज आरोपियों के घर में उपलब्ध हो सकता है, जिसकी जांच की जानी चाहिए।


