लालपुर में महाविद्यालय की घोषणा, विकास कार्यों की बड़ी सौगात हर पात्र किसान से धान खरीदी के लिए सरकार संकल्पित।
रायपुर 18 दिसंबर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। हमारी सरकार महापुरुषों के आदर्शों और सपनों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री आज मुंगेली जिले के लालपुर धाम में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने लालपुर क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने लालपुर में नवीन महाविद्यालय की स्थापना, मेला एवं कार्यक्रम आयोजन हेतु दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल पर भव्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री साय ने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूर्णतः संकल्पित है और इस दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति लागू कर समाज के हर वर्ग के बेटा-बेटी को उद्यमी बनने का अवसर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सभी वर्गों के सहयोग से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आह्वान किया। इस अवसर पर सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए इसके बजट को 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है। कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान बेटा-बेटियों को पायलट प्रशिक्षण के लिए 15-15 लाख रुपये की सहायता देना सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक श्री सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।


