अम्बिकापुर / सरगुजा
जिले में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आकाशवाणी चौक क्षेत्र में संचालित अनैतिक देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित होटल मैनेजर और कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। मामले में स्थानीय होटल प्रबंधन की संलिप्तता सामने आने के बाद कार्रवाई और भी गंभीर मानी जा रही है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 10 नवंबर 2025 को महिला थाना अम्बिकापुर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आकाशवाणी चौक के पास एक मकान में अवैध रूप से युवक-युवतियों से वेश्यावृत्ति कराई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद महिला थाना अम्बिकापुर अपराध क्रमांक 17/2025 धारा 3, 4, 5, 7 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान आकाशवाणी चौक के समीप स्थित एक मकान से मुख्य महिला आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 10/11/2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

जांच में सामने आया संगठित नेटवर्क
आगे की जांच में यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार महिला का पति सुनील कुमार इस अपराध में सहयोगी की भूमिका निभा रहा था, जबकि हेमंत दास देह व्यापार के लिए लड़कियों को ग्राहकों तक लाने-ले जाने का कार्य करता था। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दिनांक 13/12/2025 को
1. सुनील कुमार, पिता कमला साव, उम्र 40 वर्ष, निवासी मयापुर, जिला सरगुजा
2. हेमंत दास, पिता स्व. राजेश दास, उम्र 33 वर्ष, निवासी तेलसखरिया, थाना दरिमा
तथा एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया। इसके बाद 14/12/2025 को अम्बिकापुर के एक अन्य मकान से एक और महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
होटल प्रबंधन की संलिप्तता उजागर
दिनांक 19/12/2025 को प्राप्त ठोस सूचनाओं और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने अम्बिकापुर अर्बन चौपाटी के पास स्थित आर्यन होटल के मैनेजर एवं कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच में अपराध से जुड़े सबूत मिलने पर
मौजी लाल जायसवाल, पिता जगदेव प्रसाद जायसवाल, उम्र 53 वर्ष, निवासी पटेहरा सिरमौर, थाना अथरैला, जिला रीवा (म.प्र.), वर्तमान मैनेजर – आर्यन होटल, अम्बिकापुर
एकलव्य पैकरा, पिता जनार्दन राम पैकरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम जिगनिया, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर (छ.ग.)
तथा एक महिला के विरुद्ध विवेचना में वैधानिक कार्रवाई की गई। संलिप्त महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक देह व्यापार और उसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह होटल प्रबंधन ही क्यों न हो। जिले में ऐसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


