पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है,
जहाँ कॉलेज जीवन की उम्मीदें अचानक थम गई हैं। जिंदल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली बी टेक सीएससी सेकण्ड ईयर की छात्रा की हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे पर झूलती छात्रा की लाश मिली । मृतिका की पहचान प्रिंसी कुमारी के रूप में हुई है, पिता राजीव सिंह, उम्र मात्र 20 वर्ष बताई गई है। मूलत जमशेदपुर टाटा की रहने वाली प्रिंसी जिंदल यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी।

घटना बीती रात करीब 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है, जब हॉस्टल में सन्नाटा और कमरे में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार प्रिंसी को सेकण्ड ईयर के साथ फर्स्ट ईयर बैक का एग्जाम भी देना था, पढ़ाई के दबाव और तनाव को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना स्थल से पुलिस ने सुसाइड नोट भी जब्त किया है, फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस की जांच लगातार जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस टीम का भी गठन किया गया है। सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। परिजन मौके पर पहुंच चुके हैं, घरघोड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। एक होनहार छात्रा की असमय मौत ने परिवार, कॉलेज और पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।


