द्वारिकानगर में सड़क पर उतरे ग्रामीण, तहसीलदार और एसडीओपी की मौजूदगी में खुला जाम
सूरजपुर/लाटोरी सूरजपुर जिले के लाटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत द्वारिकानगर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाटोरी तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा, एसडीओपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए और चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

काफी देर तक चली समझाइश और बातचीत के बाद प्रशासन के आश्वासन पर ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात पुनः सामान्य हो सका। हालांकि ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि यदि चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो वे फिर से सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
जनता का सवाल
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। अब सवाल यह है कि आखिर इन घटनाओं के पीछे कौन है और पुलिस प्रशासन अपराधियों तक कब पहुंचेगा? ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार प्रशासन केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई भी करेगा।


