अंबिकापुर/सरगुजा
सरगुजा जिले की मणिपुर पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भावराडांड सीतापुर निवासी शिवशंकर खलखो, जो वर्तमान में गांधीनगर थाना क्षेत्र के गंगापुर में रहते हैं, अपने रिश्तेदार को खाना पहुंचाने जिला अस्पताल अंबिकापुर गए थे। उन्होंने अपनी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (CG 15 CL 0190) अस्पताल के बाहर खड़ी कर दी और अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। आसपास काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 51/26 धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर सांडबार पुलिया के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अक्षय पटेल उर्फ अक्षत (21 वर्ष), निवासी सिलसिला चौकी रघुनाथपुर थाना लुंड्रा बताया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामले में थाना गांधीनगर से जेल भेजा जा चुका है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी, एएसआई अनिल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र जांगड़े, आरक्षक रामाशंकर यादव, निरंजन बड़ा, अनिल सिंह, उमाशंकर साहू तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार की मोटरसाइकिल बरामद..
Leave a comment


