समाचार प्रसारण के बाद पत्रकार को नोटिस, बसंतपुर मामले में चर्चा तेज..
खबर के बाद थाना प्रभारी का नोटिस, पत्रकारिता की स्वतंत्रता को लेकर उठे सवाल..
बलरामपुर | विशेष रिपोर्ट | CGN 24 NEWS
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में प्रकाशित एक समाचार के बाद पुलिस और पत्रकारिता के बीच विवाद की स्थिति सामने आई है। संबंधित समाचार के प्रकाशन के बाद बसंतपुर थाना प्रभारी द्वारा पत्रकार को नोटिस जारी किए जाने से क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाल ही में प्रसारित एक समाचार में चोरी से जुड़े एक प्रकरण को लेकर कुछ आरोपों का उल्लेख किया गया था, जिसमें थाना स्तर पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए थे। समाचार के प्रसारित होने के बाद उक्त मामले को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
इसी संदर्भ में बसंतपुर थाना प्रभारी द्वारा पत्रकार रामहरी गुप्ता को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि भारत सम्मान चैनल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित समाचार को असत्य और भ्रामक बताया गया है तथा इससे शासकीय सेवक की प्रतिष्ठा प्रभावित होने की बात कही गई है। साथ ही तीन दिनों के भीतर थाना बसंतपुर में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि किसी समाचार में तथ्यों को लेकर आपत्ति है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
कानूनी जानकारों का भी मानना है कि ऐसे मामलों में सामान्यतः उच्च स्तर पर जांच कराकर तथ्यों को सामने लाना अधिक उचित माना जाता है, जिससे पूरे प्रकरण की पारदर्शिता बनी रहती है।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा जारी है और लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि उच्च पुलिस अधिकारी इस मामले को किस तरह लेते हैं तथा क्या संबंधित आरोपों की किसी स्तर पर जांच कराई जाती है या नहीं।


