अंबिकापुर:–सरगुजा जिला की पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो वाहन से 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने गांजा, स्कार्पियो वाहन और मोबाइल सहित कुल लगभग 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बास बाड़ी रोड में एक काले रंग की स्कार्पियो (क्रमांक CG 30 F 8689) में कुछ युवक अवैध गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार चार युवक गाड़ी छोड़कर बास बाड़ी के घेर को फांदते हुए जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन तीन आरोपी झाड़ियों और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं मौके से एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर स्कार्पियो के पीछे सीटों के बीच रखे प्लास्टिक बोरे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लगभग 10 लाख रुपये कीमत की स्कार्पियो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गांजा लैलूंगा क्षेत्र से खरीदकर लाया था और यहां पुड़िया बनाकर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 173/26 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पूरी कार्रवाई राजेश कुमार अग्रवाल, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।


