सूरजपुर, 12 मार्च 2026:– प्रतापपुर क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायत पर खाद्य एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने बुधवार को कई प्रतिष्ठानों में जांच की। जांच के दौरान कुल 14 घरेलू गैस सिलेंडर — 10 नग 14.2 किलोग्राम और 04 नग 5 किलोग्राम — जप्त किए गए। जप्त सिलेंडर इंडेन एजेंसी प्रतापपुर को सौंप दिए गए।
तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक प्रतापपुर की इस टीम ने पाँच प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। नया बस स्टैंड स्थित रोशन डेली नीड्स से सबसे ज्यादा 10 सिलेंडर जप्त हुए। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड के शुभम होटल और जायसवाल होटल तथा नया बस स्टैंड के मंगलेश डेली नीड्स और परवेज कुमार के प्रतिष्ठान से एक-एक सिलेंडर जप्त किए गए।

जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि व्यावसायिक काम के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करना नियमों के खिलाफ है। इससे आम परिवारों को मिलने वाली गैस की आपूर्ति भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी व्यापारियों व अन्य सभी से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल सिलेंडर का ही उपयोग करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।


