बैकुंठपुर (कोरिया)
कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के खिलाफ उसकी विधवा भाभी ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि उसके पति की मृत्यु के बाद से आरोपी देवर उस पर गलत नजर रखता था। आरोप है कि कुछ समय पहले आरोपी ने मौका पाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय स्तर पर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उसे उचित कार्रवाई नहीं मिलने का आरोप भी लगाया गया है।

पीड़िता का कहना है कि जब वह अपनी शिकायत लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों के पास पहुंची तो उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई। इसके बाद उसने मामले में न्याय की मांग करते हुए पुलिस महानिरीक्षक को लिखित आवेदन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए।
अब इस मामले में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।


