सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और मनरेगा व प्रधानमंत्री आवास योजना के रिकॉर्ड को आग के हवाले करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बांसापारा के रोजगार सहायक हीरा सिंह ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 मार्च 2026 की शाम वे सरपंच संतोष सिंह और सचिव राधेश्याम के साथ आवास मित्र आशीष साहू के घर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों का ऑनलाइन रिकॉर्ड देखने गए थे। इसी दौरान गांव का निवासी सर्वेश साहू वहां पहुंचा और मनरेगा में अपनी हाजिरी भरने की मांग करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान सर्वेश साहू ने मारपीट करते हुए कर्मचारियों के पास रखे झोले से मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए और उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे सरकारी रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गया। इस घटना से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296(बी), 351(2), 115(2), 121(1), 132 और 324(3) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की जानकारी मिलने पर प्रशांत कुमार ठाकुर, डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद बसदेई चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सर्वेश साहू (24 वर्ष), निवासी ग्राम बांसापारा को दबिश देकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
सरकारी रिकॉर्ड में लगाई आग, शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी गिरफ्तार..
Leave a comment


