सूरजपुर/भटगांव:–आगामी जनगणना 2027 को लेकर तहसील भटगांव में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में प्रारंभिक तैयारी के तहत प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी।
पहला चरण 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। इसके बाद दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की जनगणना की जाएगी प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश, डेटा संकलन की प्रक्रिया और कार्य की समयसीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तय की जाती है।

इस अवसर पर तहसीलदार भटगांव शिव नारायण राठिया, नगर पंचायत भटगांव के सीएमओ राजेश कुशवाहा, बीईओ भैयाथान फूलसिंह मरावी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा मास्टर ट्रेनर सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों से जनगणना कार्य को सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।


