बिश्रामपुर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में एक बार फिर महिला कर्मचारियों के साथ कथित भेदभाव को लेकर असंतोष सामने आया है। कई वर्षों से कार्यरत महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि कुछ चुनिंदा कर्मचारियों को ही विभिन्न कार्यक्रमों, टूर और सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है, जबकि अन्य महिलाएं इससे वंचित रह जाती हैं।
कर्मचारियों के अनुसार, एसईसीएल में डॉ. सरिता लाल की अध्यक्षता में “वीफस” नामक एक समूह संचालित किया जा रहा है, जिसे लेकर आरोप है कि इस समूह के माध्यम से कुछ खास महिला कर्मचारियों को बार-बार आउट-ऑफ-स्टेशन कार्यक्रमों में भेजा जाता है।

आरोप यह भी है कि कभी महिला दिवस समारोह, तो कभी अन्य आयोजनों के नाम पर बिलासपुर, मुंबई सहित अन्य शहरों में कंपनी के खर्च पर टूर कराए जाते हैं।
वहीं दूसरी ओर, कई महिला कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सेवा में रहते हुए भी ऐसी गतिविधियों और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। कुछ कर्मचारी तो रिटायरमेंट के करीब पहुंच चुकी हैं, लेकिन उन्हें कभी ऐसे अवसर नहीं मिले।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुरस्कार वितरण और अन्य आयोजनों में भी सीमित कर्मचारियों को ही प्राथमिकता दी जाती है, जिससे बाकी कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर नाराज़ महिला कर्मचारियों ने जल्द ही महाप्रबंधक, बिश्रामपुर से मुलाकात कर सभी महिला कर्मचारियों के लिए समान अवसर और पारदर्शिता की मांग करने की बात कही है।
महिला कर्मचारियों का कहना है कि यदि भेदभाव की स्थिति जारी रही तो वे सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय करेंगी।


