भटगांव/जरही
37वें सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर भटगांव थाना प्रभारी के नेतृत्व में जरही चौक पर एक भव्य सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी, सूरजपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत जरही अध्यक्ष श्री पुरन राम राजवाड़े ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्री अशोक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष श्री रमेश गुप्ता, एच.आर. कार्मिक श्री राजकुमार शर्मा, सीएमओ नगर पंचायत जरही सहित गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार साथी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट वाहन चलाने से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें केवल हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं सुरक्षित रहे और दूसरों को भी जागरूक करे।

अभियान के अंतर्गत दर्जनों जरूरतमंद राहगीरों एवं दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। यह जन-जागरूकता कार्यक्रम शाम 3 बजे तक चला।
नगर पंचायत जरही में आयोजित इस कार्यक्रम की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की और इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। उपस्थित जनसमूह ने पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत के इस संयुक्त प्रयास को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी कदम बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सकारात्मक संदेश गया और आमजन में जागरूकता बढ़ी।


