छात्राओं ने स्कूल दूर होने के कारण की थी साइकिल की मांग, मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े ने किया वितरण।
सरगुजा/अंबिकापुर
छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्कूली छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें बड़ी राहत दी है। सरगुजा जिले के शासकीय हाई स्कूल, अजिरमा में आज साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री प्रतिनिधि श्री ठाकुर राजवाड़े शामिल हुए।
इस दौरान विद्यालय की 21 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई।
गौरतलब है कि छात्राओं ने कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को अपनी समस्या बताते हुए अवगत कराया था कि उनका घर स्कूल से काफी दूर है। दूरी अधिक होने के कारण उन्हें पैदल स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता था, जिसका असर उनकी पढ़ाई और उपस्थिति पर पड़ रहा था। छात्राओं ने मंत्री महोदय से साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की थी।
छात्राओं की इस समस्या पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने त्वरित संज्ञान लिया और आज उनकी मांग पूरी की गई।
कार्यक्रम में साइकिल वितरित करते हुए मंत्री प्रतिनिधि श्री ठाकुर राजवाड़े ने कहा कि, “मंत्री महोदया का प्रयास है कि किसी भी बेटी की पढ़ाई दूरी या संसाधनों की कमी की वजह से न रुके। छात्राओं ने दूरी की जो समस्या बताई थी, उसका आज समाधान कर दिया गया है। अब साइकिल मिलने से उनका समय बचेगा और वे सुरक्षित तथा समय पर स्कूल आ सकेंगी।”

साइकिल पाकर छात्राओं ने खुशी जाहिर की और मंत्री महोदया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, स्कूल स्टाफ, स्थानीय नागरिक और छात्राएं उपस्थित थीं।


