भैयाथान (सूरजपुर)
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को मनाए जाने वाले सुशासन दिवस का आयोजन पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) बतरा में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जन-केंद्रित प्रशासन के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
यह आयोजन सूरजपुर जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन के संरक्षण, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन, जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू एवं सहायक संचालक रवींद्र सिंह देव के निर्देशन तथा संकुल प्राचार्या के. मिनी प्रसन्ना के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अविस्मरणीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सुशासन, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त आधार प्रदान किया।


इस अवसर पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बतरा के प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने कहा कि सुशासन दिवस नागरिकों को सरकार की जिम्मेदारियों से अवगत कराने तथा पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान और ग्रामीण विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक सुधारों की नई गति पाई और वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान बनाई।

इसके पश्चात संकुल प्राचार्या के. मिनी प्रसन्ना द्वारा उपस्थितजनों को सुशासन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बतरा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बतरा तथा संकुल केंद्र अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, निबंध एवं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से सुशासन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की सफलता में संकुल प्राचार्या के. मिनी प्रसन्ना, पीएमश्री सेजेस बतरा के प्राचार्य गोवर्धन सिंह, प्राथमिक शाला खुरसिया पारा के प्रधान पाठक कन्हैया मिश्रा सहित संकुल के सभी शिक्षकों एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


