रामानुजगंज:–वन विभाग ने अवैध वनोपज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत चोरपहरी बैरियर पर सेमल लकड़ी से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देश एवं उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज निखिल सक्सेना के नेतृत्व में सर्किल रामानुजगंज, बीट रामानुजगंज के चोरपहरी बैरियर पर नियमित वाहन जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG 15 AC/5484 को रोका गया। जांच में वाहन में सेमल लकड़ी लोड पाई गई।
वाहन चालक मनोज भुईहर (41), निवासी नवाडीह, तहसील–थाना चैनपुर, जिला पलामू (झारखंड) से लोड वनोपज के परिवहन संबंधी टीपी प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही NTPS ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें प्रस्तुत टीपी एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड में अंतर पाया गया।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वन विभाग द्वारा लोड वनोपज सहित ट्रक को जब्त कर लिया गया। मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जब्ती की कार्रवाई के दौरान उपवनक्षेत्रपाल विजय सिंह, वनपाल दयाशंकर सिंह, वनपाल सुसन्ना भगत सहित वनरक्षक मंगलचन्द्र राम, पिन्टू मालाकार एवं धीरेश्वर प्रसाद उपाध्याय उपस्थित रहे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध वनोपज परिवहन के विरुद्ध आगे भी सघन जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


