भटगांव, सूरजपुर
क्रिसमस पर्व के पावन अवसर पर भटगांव कॉलरी क्षेत्र में कैरोल सिंगिंग रैली का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। दिनांक 18 दिसंबर 2025, गुरुवार को सेंट पीटर चर्च भटगांव, ए.डी. जुबली मेमोरियल स्कूल भटगांव एवं सेंट चार्ल्स स्कूल भटगांव के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन संपन्न हुआ।
सायं 3 बजे से शाम 7 बजे तक निकाली गई इस कैरोल सिंगिंग रैली में लगभग 250 ईसाई समुदाय के भाई-बहन शामिल हुए। रैली के दौरान भटगांव के विभिन्न स्थानों पर मधुर कैरोल गीतों के माध्यम से प्रभु यीशु मसीह के शांति, प्रेम, दया, आशा और आनंद का संदेश दिया गया।

रैली में छोटे-छोटे बच्चे सांता क्लॉस (क्रिसमस पापा) की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। सांता क्लॉस द्वारा बच्चों एवं आम नागरिकों के बीच मिठाइयों और छोटे-छोटे उपहारों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई। कैरोल सिंगिंग के दौरान पूरा वातावरण उल्लास और उमंग से भर गया। स्थानीय नागरिकों ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा सेल्फी, फोटो और वीडियो के माध्यम से इन पलों को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।
यह कैरोल सिंगिंग रैली त्रिपाठी चौक भटगांव से प्रारंभ होकर मेन रोड भटगांव के विभिन्न स्थानों से गुजरती हुई बरौधी चौक होते हुए जरही चौक पहुंची। वहां उपस्थित लोगों को कैरोल सिंगिंग के माध्यम से क्रिसमस का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर फादर टी. जोसेफ धनास्वामी द्वारा एक संक्षिप्त प्रार्थना कर सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सेंट पीटर चर्च के पल्ली पुरोहित फादर अजय लकड़ा, सहायक पल्ली पुरोहित फादर टी. जोसेफ धनास्वामी, सेंट चार्ल्स की सुपीरियर सिस्टर नेल्ली, प्राचार्य सिस्टर एंजलिना, कैथोलिक सभा अध्यक्ष पंडित लाल तिर्की, महिला संघ अध्यक्ष ज्योति टोप्पो सहित कैथोलिक सभा एवं महिला संघ के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
साथ ही भटगांव थाना पुलिस दल द्वारा भी सुरक्षा एवं व्यवस्था में सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को हैप्पी क्रिसमस एवं नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दी गईं।
यह कैरोल सिंगिंग रैली समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और शांति के संदेश को मजबूती देने वाला एक प्रेरणादायक आयोजन साबित हुई।


