छत्तीसगढ़,दांतेवाड़ा
जिले में पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दांतेवाड़ा की डीएसपी कल्पना वर्मा पर स्थानीय कारोबारी दीपक टंडन ने करोड़ों रुपये तथा कीमती उपहार लेने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और जिलेभर में चर्चाओं का विषय बना हुआ है।
कारोबारी द्वारा की गई शिकायत के अनुसार, डीएसपी कल्पना वर्मा ने विभिन्न प्रलोभनों और दबाव के चलते उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये, एक डायमंड रिंग, सोने की चेन और एक कार लिए जाने का आरोप लगाया है। कारोबारी ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि उन्होंने सभी लेन-देन से जुड़े सबूत—जैसे व्हाट्सएप चैट, डिजिटल ट्रांजैक्शन विवरण और अन्य दस्तावेज—थाने में प्रस्तुत कर दिए हैं।

शिकायत दर्ज होने के बाद यह मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। जिले के नागरिकों और स्थानीय संगठनों ने इस मामले में त्वरित जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस विभाग में भी इस घटना को लेकर हलचल मची हुई है। उच्च अधिकारियों द्वारा प्रारंभिक जानकारी जुटाई जा रही है, जबकि आधिकारिक बयान की अभी प्रतीक्षा है।
डीएसपी स्तर के अधिकारी पर लगे ऐसे गंभीर आरोप न केवल पुलिस की छवि को प्रभावित करते हैं, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी गहरे सवाल छोड़ते हैं। शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत सबूतों और वायरल हो रही पोस्टों को देखते हुए माना जा रहा है कि प्रशासन जल्द ही इस प्रकरण पर उच्चस्तरीय जांच का आदेश दे सकता है।
जिलेभर में इस मामले को लेकर चर्चाएँ जारी हैं और लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिक्रियाएँ व्यक्त कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें आने वाली जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


