जरही:–भाजपा मंडल जरही अंतर्गत ग्राम सोनगरा में शुक्रवार को साइकिल वितरण कार्यक्रम तथा ग्राम पंचायत झींगादोहर में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत वाटरशेड महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतापपुर विधानसभा की विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनगरा में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में बच्चों द्वारा स्वागत नृत्य एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए गए। विधायक श्रीमती पोर्ते ने छात्र–छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा को सुलभ बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बालिकाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत झींगादोहर में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत जल संरक्षण एवं जलग्रहण क्षेत्र विकास कार्यों—सिंचाई कूप निर्माण, चेकडैम निर्माण आदि—का भूमिपूजन किया गया। विधायक ने कहा कि जल संरक्षण एवं सिंचाई विस्तार किसानों की समृद्धि और क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक राज्यभर में जल संरक्षण आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें रंगोली प्रतियोगिता, पानी की पाठशाला, श्रमदान, प्रभात फेरी आदि शामिल हैं। साथ ही राज्य स्तरीय सोशल मीडिया प्रतियोगिता में चार विजेताओं को 50-50 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े, कृषि स्थाई समिति सभापति लवकेश पैकरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुखमनिया आयाम, नगर पंचायत अध्यक्ष पुरन राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कृषि विभाग से उप संचालक कृषि संपदा पैकरा, परियोजना अधिकारी संदीप कुमार सिंह, तकनीकी विशेषज्ञ शैलेंद्र जायसवाल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शिवशंकर यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनता की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।


