सीतापुर। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो के जन्मदिवस के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधायक टोप्पो स्वयं इन सभी कार्यक्रमों में शामिल हुए और लोगों के साथ अपना खास दिन मनाया।
जन्मदिवस का शुभारंभ एमएलए एजुकेशन कोर परिसर से हुआ, जहाँ छात्रों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विधायक का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद वे कन्या स्कूल बतौली पहुँचे, जहाँ बच्चियों ने केक काटकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक का जन्मदिवस मनाया। टोप्पो ने बच्चियों के साथ समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इसके पश्चात विधायक अपने सीतापुर स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां भव्य जन्मदिवस समारोह आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
दिनभर के व्यस्त कार्यक्रम के बीच विधायक रामकुमार टोप्पो मैनपाट क्षेत्र भी पहुंचे। उन्होंने मैनपाट पार्क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही वे पहाड़ी कोरवा बालिका आश्रम बरिमा पहुँचे, जहाँ बच्चियों के साथ केक काटकर जन्मदिवस मनाया और मिठाई वितरण के साथ सभी बच्चियों को चप्पलें भी प्रदान कीं।
इसके उपरांत विधायक बायो डायवर्सिटी पार्क रोपाखार पहुंचे और छत्तीसगढ़ महतारी के नाम एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। देर शाम विधायक सीतापुर में आयोजित मुख्य जन्मदिवस समारोह में शामिल हुए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी लंबी आयु और स्वास्थ्य की कामना की।
विधायक के साथ भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। क्षेत्रभर में पूरे दिन जन्मदिवस का माहौल उत्साह और उमंग से भरा रहा।


