रायपुर। छत्तीसगढ़:–के राज्यपाल श्री रमेन डेका से आज राजभवन रायपुर में प्रसिद्ध इंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. कल्पना दास ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. दास ने राज्यपाल को आगामी नवंबर माह में आयोजित होने वाले “छत्तीसगढ़ ओबेसिटी, डायबीटीज एंड इंडोक्राइनोलॉजी सोसायटी (CODES)” के वार्षिक सम्मेलन (Annual Conference 2025) में बतौर मुख्य अतिथि (Chief Guest) शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान डॉ. कल्पना दास ने राज्यपाल को सम्मेलन के उद्देश्यों एवं विषय-वस्तु की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन राज्य में मोटापा, मधुमेह और हार्मोन संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों पर चिकित्सकीय दृष्टिकोण से विचार-विमर्श का प्रमुख मंच होगा। इस आयोजन में देशभर के ख्यातिप्राप्त एंडोक्राइनोलॉजिस्ट, डायबेटोलॉजिस्ट, पोषण विशेषज्ञ और हेल्थ रिसर्चर शामिल होंगे।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने डॉ. दास के आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसी वैज्ञानिक पहलें समाज को जागरूक करने के साथ-साथ बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि मोटापा और मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियाँ आज की सबसे बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियाँ हैं, और इनके समाधान के लिए चिकित्सा समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल ने सोसायटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सम्मेलन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर राजभवन के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।


