लटोरी:– जिले के लटोरी मंडल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन में लगभग 205 स्वयंसेवकों ने अनुशासन और परंपरा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
संचलन का शुभारंभ दशहरा मैदान से हुआ, जो लटोरी बस स्टैंड होते हुए कल्याणपुर रोड, हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर तक पहुंचा और पुनः दशहरा मैदान पर आकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान मार्गभर में मातृशक्तियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और जगह-जगह पर स्वागत द्वार बनाए गए।

कार्यक्रम में मुख्य मार्ग एवं छात्रावास प्रमुख छत्तीसगढ़ प्रांत श्रीमान गौरागो सिंह जी ने संबोधित करते हुए संघ की 100 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में समाज परिवर्तन के लिए संघ द्वारा प्रस्तावित ‘पंच परिवर्तन’ की रूपरेखा रखते हुए संगठन की आवश्यकता और राष्ट्रनिर्माण में उसकी भूमिका पर जोर दिया।
पथ संचलन का यह भव्य आयोजन न केवल अनुशासन और एकता का प्रतीक बना, बल्कि स्थानीय जनमानस को भी प्रेरणा और संगठन का संदेश देने वाला साबित हुआ।


