बिश्रामपुर 8 मार्च
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिश्रामपुर स्थित सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन के सेमिनार हॉल में महिला सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान कुमारी पार्वती दीदी (ब्रह्माकुमारी), कुमारी झरना पाल दीदी, श्रीमती पूजा साहू, श्रीमती इग्नेशिया तिग्गा, श्रीमती उर्मिला साहू, श्रीमती गंगादेवी साहू, श्रीमती चंपा शाह, श्रीमती लखविंदर कौर, श्रीमती मनिता चौधरी, श्रीमती रमिता सिंह, श्रीमती गिरिजा सिंह तथा श्रीमती इंदु राजवाड़े को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी की दीदी कुमारी पार्वती जी ने विद्यार्थियों को मदर टेरेसा के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग सुनाते हुए सेवा, त्याग और समर्पण की भावना के साथ समाज में कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नारी में अपार शक्ति है और यदि वह सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है।
इस अवसर पर पूजा साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी इसी कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है और आज ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन विकास के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं।
वहीं मनिता चौधरी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और यदि उन्हें सही अवसर व प्रोत्साहन मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

चंपा शाह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और स्वावलंबन को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए, जिससे वे स्वयं के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा दे सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ज्ञानोदय एसोसिएशन लगातार महिला सशक्तिकरण और उनके उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था के विभिन्न प्रकल्पों में 80 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी महिलाएं हैं, जो अपनी मेहनत, लगन और सेवाभाव से संस्था के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर बीएमएस के महेश गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने भी महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में वीएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में कॉलेज की शिक्षिकाओं प्रीति, रिंकी एवं अनुराधा का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ तिवारी ने किया, जबकि अंत में तुलेश्वर प्रताप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महिला सशक्तिकरण को और मजबूत करने तथा समाज में महिलाओं की भूमिका को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


