परसडीहा में ताला तोड़कर बर्तन, गैस सिलेंडर और ट्रैक्टर पार्ट्स चोरी, खरीदार भी गिरफ्तार..
5 आरोपी गिरफ्तार 44,500 का माल बरामद खरीदार भी निकला आरोपी न्यायिक रिमांड..
बलरामपुर-रामानुजगंज, 8 अप्रैल
जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसडीहा में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 4 शातिर चोरों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी संदीप कुमार गहरवरिया (38 वर्ष) निवासी परसडीहा ने 7 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मार्च को जब वह अपने माता-पिता के साथ घर पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर रखे पलंग, कांसे के लोटे, पीतल की परात, स्टील थालियां, गैस सिलेंडर, पीतल की बाल्टी, डेक्ची, ट्रैक्टर के पार्ट्स, खिड़की और कराकट सीट सहित कुल 44,500 रुपये कीमत का सामान चोरी हो चुका था।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की गई कुछ सामग्री बरतीकला निवासी सुजीत सोनी को बेच दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सूर्यकांत गहरवरिया, अटल गहरवरिया, वरदान गहरवरिया, धीरेश खैरा और सुजीत सोनी शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


