भटगांव 18 दिसंबर 2025
क्रिसमस का पर्व इस वर्ष शांति, प्रेम और आपसी सौहार्द के संदेश के साथ मनाया जा रहा है। त्योहार की तैयारी इस बार घरों के भीतर से, परिवारों के बीच बिस्तरों और सजी हुई बैठक कक्षों से शुरू हुई, जहाँ लोग एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए प्रभु यीशु मसीह के जन्म की खुशियाँ मना रहे हैं। सांता क्लॉज़ के आगमन की प्रतीक्षा, विशेष केक, उपहार और केरोल गीतों ने माहौल को उल्लास से भर दिया है।

इसी क्रम में आज गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 को ईसाई समाज द्वारा क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य में भटगांव में भव्य शोभायात्रा एवं केरोल गायन का आयोजन किया गया। शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक निकली यह क्रिसमस शोभायात्रा भटगांव मेन रोड से प्रारंभ होकर जरही चौक तक पहुँची, जहाँ शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम का समापन हुआ।
शोभायात्रा में शामिल महिला-पुरुष, युवा और बच्चे हाथों में मोमबत्तियाँ, तारे और क्रिसमस से जुड़े प्रतीक लिए हुए नजर आए। केरोल गीतों की मधुर धुनों और “शांति, प्रेम और आनंद” के संदेश से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पूरे मार्ग में लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया, वहीं जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।


ईसाई समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा और केरोल गायन के आयोजन हेतु प्रशासन से पूर्व में अनुमति ली गई थी तथा सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई थी। आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर समाज के लोगों ने कहा कि क्रिसमस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि मानवता, प्रेम और आशा का संदेश है। यीशु मसीह का जन्म जीवन में नई उम्मीद जगाता है और समाज को भाईचारे के सूत्र में बाँधने की प्रेरणा देता है।
क्रिसमस शोभायात्रा के सफल आयोजन से भटगांव और जरही क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया है, वहीं लोगों के चेहरों पर खुशियाँ और दिलों में शांति साफ नजर आई।


