भैयाथान/भटगांव
26 जनवरी केवल एक तिथि नहीं, बल्कि यह दिन भारत की लोकतांत्रिक आत्मा, संविधान की शक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने का पर्व है। देशभर के साथ-साथ ग्राम बतरा स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में भी 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात राष्ट्रगान ने पूरे परिसर को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” रही, जिसकी झलक कार्यक्रम में स्पष्ट दिखाई दी।
संविधान केवल कानून नहीं, नागरिकों की ढाल है सुलोचनी पैंकरा मुख्य अतिथि सुलोचनी पैंकरा, जनपद अध्यक्ष भैयाथान ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा आज का दिन हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।


हमारा संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की ढाल है। हमें लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने, आपसी भाईचारे और सद्भाव को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। यही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है।
उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
संविधान ने भारत को गणराज्य की पहचान दी – पारसनाथ राजवाड़े विशिष्ट अतिथि पारसनाथ राजवाड़े, भूतपूर्व संसदीय सचिव (छत्तीसगढ़ शासन) एवं अनुज राजवाड़े ने गणतंत्र दिवस की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 वह ऐतिहासिक दिन है, जब भारत ने स्वयं को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के आदर्श ही हमारे संविधान की आत्मा हैं, जो देश की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान करते हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, आकर्षक नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर तालियों की गूंज और देशभक्ति नारों से गूंज उठा।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान इस अवसर पर विगत वर्ष के टॉपर छात्र-छात्राओं, राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतिभागियों, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को अतिथियों द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन हीरालाल राजवाड़े ने किया, जबकि मंच संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा चित्रलेखा राजवाड़े ने आत्मविश्वास और प्रभावशाली शैली में किया।
कार्यक्रम में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित इस गरिमामय आयोजन में आनंद सिंह आर्मो (सरपंच, ग्राम बतरा), गया प्रसाद राजवाड़े (भूतपूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष), चंदर साय (जनपद सदस्य), संत प्रजापति (जनपद सदस्य), प्रिंस जायसवाल (सांसद प्रतिनिधि), सुभाष राजवाड़े (वरिष्ठ नागरिक), राजेंद्र तिवारी (विधायक प्रतिनिधि), संदीप जायसवाल (पालक संघ अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावकगण उपस्थित रहे।
साथ ही संकुल प्राचार्य के. मिनी. प्रसन्ना, विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह, समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।


