सूरजपुर:–जिले के लटोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज के बथान पारा में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों द्वारा अचानक हमला किए जाने से इलाके में भारी तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान उग्र भीड़ ने जेसीबी मशीन और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया, जिससे कई सरकारी गाड़ियों के शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन और पुलिस बल की संयुक्त टीम अवैध कब्जों को हटाने पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर से कार्रवाई शुरू हुई, अतिक्रमण का विरोध कर रहे लोग एकजुट हो गए और विरोध तेज हो गया। देखते ही देखते स्थिति हिंसक रूप ले बैठी और टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के समर्थन में खड़े ग्रामीणों और अतिक्रमण का विरोध कर रहे लोगों के बीच भी झड़प हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

फिलहाल राजस्व व पुलिस की टीम मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए जाने की तैयारी की जा रही है।
स्थिति संवेदनशील बनी हुई है, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


