मैनपाट/सीतापुर
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ कहे जाने वाले मैनपाट में अवैध खनन पर अब नकेल कसनी शुरू हो गई है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट ब्लॉक में संचालित दो अवैध बॉक्साइट खदानों को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश जारी किए हैं।
विधायक श्री टोप्पो आगामी 7 से 9 जुलाई तक मैनपाट में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विधायक-सांसद प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित बॉक्साइट खदानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान केसरा और पथराई क्षेत्रों में स्थित दो खदानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। विधायक ने बताया कि इन खदानों में सीएमडीसी द्वारा निर्धारित नियमों और पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों का कोई पालन नहीं किया जा रहा था।
विधानसभा प्रतिनिधि ने बताया कि मजदूरों को न तो समय पर मजदूरी दी जा रही थी और न ही घायल मजदूरों को उपचार मिल रहा था। कई मजदूरों ने वेतन और चिकित्सा सुविधा की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

इसके अलावा, बिना वैध परमिट के कई स्थानों से अवैध रूप से बॉक्साइट निकाला जा रहा था, और खनन के बाद स्थल को पुनः भरने जैसी जिम्मेदारियां भी पूरी नहीं की गई थीं, जिससे पर्यावरणीय असंतुलन के साथ-साथ ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश था।
इन सभी गड़बड़ियों को संज्ञान में लेते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त फटकार लगाते हुए दोनों खदानों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि मैनपाट क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


