सूरजपुर (ब्रेकिंग)
सरगुजा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार की शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए RES विभाग के SDO ऋषिकांत तिवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शाम करीब 7 बजे ग्राम नवापारा खुर्द में शिकायतकर्ता के घर पर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा खुर्द निवासी दिगंबर सिंह को मत्स्य विभाग की योजना के तहत तालाब निर्माण के लिए 1 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। तालाब का निर्माण पूरा होने के बाद बिल पास करने की जिम्मेदारी RES विभाग की थी।
जब दिगंबर सिंह ने बिल जमा किया, तो SDO ऋषिकांत तिवारी ने फाइल पास करने के लिए 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बार-बार अनुरोध के बावजूद जब बिल पास नहीं हुआ, तो दिगंबर सिंह ने साहस दिखाते हुए सरगुजा एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की पूरी योजना बनाई। तय कार्यक्रम के तहत शिकायतकर्ता ने बुधवार को तिवारी को अपने घर बुलाया और जैसे ही SDO ने केमिकल लगे नोटों को हाथ में लिया, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
फिलहाल आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि ऋषिकांत तिवारी लंबे समय से प्रेमनगर क्षेत्र में पदस्थ थे और सिर्फ एक माह पहले ही सब-इंजीनियर से SDO पद पर प्रमोशन पाया था।

भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी सिर्फ एक अफसर नहीं, सैकड़ों की कहानी
यह कोई अकेला मामला नहीं है। सरकारी विभागों में छोटे कामों से लेकर बड़े बिलों तक, रिश्वत का रेट तय है कई अधिकारी खुलेआम लोगों से वसूली कर रहे हैं, मगर कार्रवाई सिर्फ चंद मामलों तक सीमित रहती है आम जनता अब सवाल पूछ रही है।
“कब तक सिर्फ छोटे अफसर पकड़े जाएंगे?”
“ऊँचे पदों पर बैठे बड़े भ्रष्ट अधिकारियों तक कब पहुंचेगा एसीबी का शिकंजा?”
जनता की उम्मीद है कि ACB की ये कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित न रह जाए,
बल्कि शासन-प्रशासन में बैठे हर उस अफसर तक पहुंचे, जो जनता के हक़ का पैसा अपनी जेब में भर रहा है।


