छत्तीसगढ़ / रायपुर
दिनांक – 16 मार्च 2026
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने खाद्य मंत्री से मांगी कई अहम जानकारियां।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र के दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने राज्य की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पूरी तरह डिजिटल बनाने के मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री से इस संबंध में कई महत्वपूर्ण सवाल पूछते हुए हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाओं और शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी मांगी।
विधानसभा में सवाल रखते हुए विधायक टोप्पो ने पूछा कि छत्तीसगढ़ में राशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने के लिए सरकार की क्या योजना है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि हितग्राहियों की शिकायत दर्ज कराने के लिए कौन-सा टोल फ्री नंबर उपलब्ध है और क्या राशन दुकानों में खाद्यान्न पहुंचने की सूचना लाभार्थियों को एसएमएस के माध्यम से दी जाती है या नहीं।
उन्होंने सरकार से यह भी जानकारी मांगी कि यह डिजिटल प्रक्रिया राज्य के किन-किन क्षेत्रों में शुरू की जा चुकी है और इसे पूरी तरह लागू करने की दिशा में क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

इसके साथ ही विधायक टोप्पो ने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों को लेकर भी कई अहम सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्षेत्र की कितनी उचित मूल्य दुकानों में मांग के आधार पर खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। साथ ही यह भी पूछा कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की कितनी राशन दुकानों में ई-पास मशीनें स्थापित की गई हैं।
विधायक ने बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि किसी हितग्राही का बायोमेट्रिक सत्यापन असफल हो जाता है, तो राशन वितरण के लिए क्या वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2023 से 2025 तक के दौरान खाद्यान्न से जुड़े मामलों में जमाखोरी और मिलावटखोरी के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की संख्या तथा दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और लगाए गए दंड की जानकारी भी मांगी।
साथ ही विधायक टोप्पो ने यह भी पूछा कि खाद्यान्न की चोरी या लीकेज को रोकने के लिए सरकार द्वारा कौन-कौन सी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
सीतापुर विधायक द्वारा उठाए गए इन सवालों के बाद अब यह देखने वाली बात होगी कि राज्य सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाती है।


