खबर के बाद पत्रकार को नोटिस, बसंतपुर मामले में विवाद गहराया..
समाचार प्रसारण के बाद थाना प्रभारी की नोटिस कार्रवाई, जांच की मांग उठी..
बलरामपुर | विशेष रिपोर्ट | CGN 24 NEWS
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के बसंतपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में प्रकाशित एक समाचार के बाद पुलिस और पत्रकारिता के बीच विवाद की स्थिति सामने आई है। एक मीडिया रिपोर्ट में थाना स्तर पर कार्रवाई को लेकर उठाए गए सवालों के बाद थाना प्रभारी द्वारा संबंधित पत्रकार को नोटिस जारी किए जाने से मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में एक समाचार में चोरी से जुड़े एक प्रकरण और कथित अवैध वसूली के आरोपों को लेकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए थे। खबर के प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में इस विषय पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
इसी क्रम में बसंतपुर थाना प्रभारी की ओर से पत्रकार जितेन्द्र कुमार जायसवाल और उनके मीडिया संस्थान के प्रतिनिधि को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर थाना बसंतपुर में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है। नोटिस में प्रसारित समाचार को असत्य एवं भ्रामक बताते हुए कहा गया है कि इससे शासकीय सेवक की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। साथ ही निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों और कुछ सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि किसी समाचार को लेकर आपत्ति है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
वहीं पत्रकार पक्ष का कहना है कि यदि खबर में किसी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि है तो उसकी जांच उच्च स्तर पर कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्षता बनी रहे।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले को लेकर सरगुजा रेंज के पुलिस अधिकारियों को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है और मामले की जांच की मांग की गई है।
फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि उच्च पुलिस अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम को किस प्रकार देखते हैं तथा क्या मामले की किसी स्तर पर जांच कराई जाती है या नहीं।


