रिपोर्ट: CGN24 न्यूज़ संवाददाता – सूरजपुर/कोरिया ब्यूरो
कोरिया। छत्तीसगढ़ में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बिलासपुर रेल हादसे की दर्दनाक तस्वीरों के बाद अब कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद से एक और बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। सोमवार की देर रात सवारियों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 महिलाएं घायल बताई जा रही हैं। सभी घायलों को तत्काल बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
ऊंचाई से नीचे नदी में गिरी ऑटो
मिली जानकारी के अनुसार, झरनापारा के पंडोपारा गांव से महिलाएं सोमवार रात करीब 10 बजे एक ऑटो में सवार होकर लौट रही थीं। इसी दौरान जब वाहन छिंदिया के आश्रित ग्राम नकटापारा के पास पहुंचा, तो चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि ऑटो ऊंचाई वाले मोड़ पर तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण वह अनियंत्रित होकर नीचे नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने पानी में फंसी महिलाओं को किसी तरह बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
एक महिला की मौके पर मौत, दूसरी ने रास्ते में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में कुल 16 महिलाएं सवार थीं। हादसे के तुरंत बाद एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल महिला को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाकी घायलों को बैकुंठपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार कुछ महिलाओं की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
क्षमता से अधिक सवारियां बनीं हादसे की वजह
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि ऑटो में उसकी निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक महिलाएं बैठी हुई थीं। चालक ने भीड़भाड़ और वजन अधिक होने के बावजूद वाहन को तेज रफ्तार में चलाया। नकटापारा मोड़ पर पहुंचते ही ऑटो का बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे नदी में जा गिरी। ग्रामीणों का मानना है कि अगर चालक सावधानी बरतता, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस व प्रशासन।
घटना की जानकारी मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और चालक की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
बिलासपुर रेल हादसे के बाद फिर मातम में डूबा प्रदेश।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को हुए लालखदान रेल हादसे की त्रासदी से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि कोरिया जिले की यह दुर्घटना फिर से पूरे प्रदेश को शोक में डूबो गई है।
रेल हादसे में 11 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। अब बैकुंठपुर की यह घटना एक बार फिर यातायात सुरक्षा और वाहन नियंत्रण के गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि।
स्थानीय ग्रामीणों ने मृत महिलाओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


