घायल व्यवसायी से लूटी गई पूरी रकम बरामद, मोटरसाइकिल भी जब्त।
अंबिकापुर | जिला सरगुजा | 29 दिसंबर 2025
सरगुजा जिले में व्यवसायी पर हमला कर 20 लाख रुपये नगद लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सघन नाकाबंदी और साइबर सेल की तकनीकी जांच के चलते दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि लूटी गई पूरी 20 लाख रुपये की राशि और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9:30 बजे सज्जन कॉलोनी, अंबिकापुर निवासी व्यवसायी श्री अनिल अग्रवाल दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्तीपारा रोड स्थित कैलाश मोड़ के पास दीवार की आड़ में छिपे अज्ञात बदमाशों ने अचानक डंडे से सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट व्यवसायी के भांजे श्री अंकित गोयल द्वारा थाना कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 956/25, धारा 109(1), 311, 309(6), 3(5) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की। घायल का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली, साइबर सेल, मणिपुर-गांधीनगर थाना एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। शहर के सभी प्रमुख निकास मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की गई, वहीं साइबर सेल ने घटनास्थल के CCTV फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

जांच के दौरान मिली तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम जगदीशपुर क्षेत्र के खेतों तक पहुंची। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, इस दौरान पैसों से भरा बैग गिर गया और कुछ दूरी पर सफेद रंग की पल्सर NS मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 18 लाख रुपये नगद और मोटरसाइकिल जब्त की।
इसके बाद लगातार दबिश और तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों को खेतों में छिपे हुए घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
दीपक दस (24 वर्ष), पिता जयमंगल दास, निवासी खालपरा अमगासी, थाना लखनपुर तथा
रोहित दस, पिता भकुस दास, निवासी भातुपरा, अंबिकापुर के रूप में हुई है। उनके कब्जे से लूट की शेष 2 लाख रुपये नगद भी बरामद कर ली गई, इस प्रकार पूरी 20 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिंह, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अदीप सिंह, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह, विवेक राय, नितिन सिन्हा, देवेंद्र पाठक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरगुजा पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से एक बार फिर अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।


