राजस्व, खाद्य और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, जिले में लगातार चल रही जांच।
भटगांव / सूरजपुर:– जिले में घरेलू LPG गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में भटगांव तहसील के ग्राम करकोली नया में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक गोदाम से अवैध रूप से रखे गए LPG गैस सिलेंडरों का जखीरा जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश गुप्ता पिता नारायण गुप्ता के गोदाम में बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से भंडारित किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के आधार पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान गोदाम से 23 भरे हुए LPG गैस सिलेंडर और 12 खाली सिलेंडर, कुल 35 सिलेंडर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि गैस सिलेंडरों का भंडारण निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं किया गया था और आवश्यक अनुमति या लाइसेंस भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू LPG गैस सिलेंडरों का इस प्रकार अवैध भंडारण न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि यह सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा पैदा करता है। ऐसे मामलों में गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यापार या कालाबाजारी होने की भी आशंका रहती है।
कार्रवाई के दौरान बरामद सभी 35 गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है और मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार LPG गैस के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
स्थानीय लोगों के अनुसार प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।


