बलरामपुर:–जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक पर महिला के घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगा है। महिला के पति ने आरोपी शिक्षक को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बरती कला कन्या माध्यमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक महिला के घर पहुंच गया। उस समय महिला घर पर अकेली थी। आरोप है कि शिक्षक ने मौके का फायदा उठाकर महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की।
इसी दौरान किसी ग्रामीण ने महिला के पति को इसकी जानकारी दे दी। पति तत्काल घर पहुंचा और शिक्षक को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया तथा पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शिक्षक काफी समय से महिला पर बुरी नजर रखे हुए था और पहले भी इस तरह की हरकत करने की कोशिश कर चुका था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


