युवाओं से मंत्री का आह्वान‘पंच परिवर्तन’ अपनाकर बनें विकसित भारत 2047 के शिल्पकार।
सूरजपुर:–राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) के अवसर पर सोमवार को सूरजपुर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जो लंबे समय तक स्मृति में अंकित रहेगा। जिला स्तरीय समारोह में जिले के 400 स्कूली बच्चे स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा—गेरुआ वस्त्र और पगड़ी धारण कर पहुंचे। मंच से इस अद्भुत दृश्य को देखकर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भावविभोर हो उठीं और इसे अलौकिक अनुभव बताया।
“वेशभूषा ही नहीं, विचार भी हों स्वामी विवेकानंद जैसे”
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर एक प्रेरणादायी पहल करते हुए सभी 400 बच्चों को स्वामी विवेकानंद जी की जीवनी पुस्तकें भेंट कीं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा“आज आप बाहर से स्वामी विवेकानंद जैसे दिख रहे हैं,
यह अत्यंत मनोहारी है। मेरी कामना है कि आप इस पुस्तक को पढ़कर उनके विचारों, आत्मबल और राष्ट्रभक्ति को भी अपने जीवन में उतारें।”

300 नहीं, 300 नन्हें विवेकानंद दिख रहे हैं—मंत्री
अपने ओजस्वी संबोधन में मंत्री राजवाड़े ने कहा कि मंच से सामने देखने पर उन्हें 300 बच्चे नहीं, बल्कि 300 छोटे स्वामी विवेकानंद दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो स्वामी विवेकानंद की ऊर्जा और तेज आज सूरजपुर में साक्षात् उतर आया हो। मंत्री ने बच्चों को इस स्वरूप में तैयार करने वाले शिक्षकों और अभिभावकों की कड़ी मेहनत की खुलकर सराहना की।
युवाओं से ‘पंच परिवर्तन’ अपनाने का आह्वान
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अग्रसर होने का संदेश देते हुए ‘पंच परिवर्तन’ को जीवन में अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और विकसित समाज के लिए ये पांच स्तंभ अनिवार्य हैं

सामाजिक समरसता (भेदभाव का अंत)
कुटुंब प्रबोधन (परिवार और संस्कारों का संरक्षण)
पर्यावरण संरक्षण (प्रकृति की रक्षा)
स्वदेशी आचरण (देशी उत्पादों और संस्कृति पर गर्व)
नागरिक कर्तव्य (राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी)
पीएम मोदी और सीएम साय के विजन को बताया युवाओं का लक्ष्य मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प युवाओं की शक्ति से ही साकार होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन की सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पहली प्राथमिकता दे रही है ताकि सूरजपुर का युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सके।
‘उठो, जागो…’ के मंत्र के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वामी विवेकानंद के अमर मंत्र
“उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए”
के साथ सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ये रहे प्रमुख अतिथि
इस भव्य आयोजन में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष स्वाति सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुम लता राजवाड़े, जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और 400 बच्चों के विवेकानंद स्वरूप की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


