स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य भास्कर ने सौंपा ज्ञापन।
सूरजपुर। जनपद पंचायत प्रेमनगर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नवापाराकला में पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों के गांव में प्रवेश की घटनाएँ बढ़ गई हैं। रिहायशी क्षेत्रों में हाथियों की दस्तक से ग्रामीण लगातार भयभीत हैं। अंधेरा होते ही पूरा गांव दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। सुरक्षा के इस अहम मुद्दे को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सीताराम भास्कर ने सोमवार को जिला पंचायत सूरजपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पाटले को ज्ञापन सौंपकर गांव में तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की।
अंधेरे में बढ़ रहा खतरा, बच्चों और बुजुर्गों में खास दहशत
ग्राम पंचायत नवापाराकला में मुख्य सड़कों, चौक–चौराहों और बस्ती के बीच स्थित बिजली पोलों पर स्ट्रीट लाइटें न होने से रात के समय ग्रामीणों की परेशानी दोगुनी हो जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाथियों की आवाजाही ज्यादातर रात में होती है, और अंधेरे का फायदा उठाकर वे बस्ती के करीब तक पहुँच जाते हैं।
ग्रामीणों ने कहा,
“अंधेरा होने के बाद हम घरों से बाहर निकलने में डरते हैं। बच्चे और बुजुर्ग तो बिल्कुल बाहर नहीं निकल पाते।”
जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य भास्कर ने उल्लेख किया कि स्ट्रीट लाइट लगने से न केवल हाथियों से सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि चोरी–चकारी जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। इसके अलावा रात के समय स्कूल–कॉलेज जाने वाले बच्चों, मरीजों और श्रमिकों को भी इससे राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि,
“ग्राम नवापाराकला की समस्या गंभीर है। यहां स्ट्रीट लाइट लगना ग्रामीणों की प्राथमिक आवश्यकता बन चुकी है।”
सीईओ ने दिया समाधान का भरोसा।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला पंचायत सीईओ पाटले ने आश्वासन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर त्वरित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और विभाग स्तर पर प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम नवापाराकला निवासी आलोक कुमार बघेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


