बिश्रामपुर:– छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया का बुधवार को बिश्रामपुर स्थित ज्ञानोदय मूकबधिर विद्यालय में आगमन हुआ। इस अवसर पर उनके साथ निगम के डायरेक्टर हरेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे। विद्यालय पहुंचने पर संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल ने उनका स्वागत किया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर श्रवणबाधित बालिकाओं एवं शिक्षिकाओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने अतिरिक्त समय में हस्तशिल्प सामग्री निर्माण कर रहे हैं। बच्चों द्वारा निर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कावड़िया ने उनकी सराहना की और कहा कि यह प्रयास दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणादायी है।

अपने उद्बोधन में लोकेश कावड़िया ने कहा कि ज्ञानोदय मूकबधिर विद्यालय के विद्यार्थियों ने बीकानेर (राजस्थान) एवं रायपुर में आयोजित दिव्यांगजन कौशल विकास शिविरों में भाग लेकर स्वयं को दक्ष बनाया है और आज वे स्वरोजगार की ओर अग्रसर हैं। विद्यालय में शिक्षा, प्रशिक्षण एवं व्यवस्थाएं सराहनीय हैं तथा पूरा स्टाफ समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कौशल विकास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि दिव्यांगजन स्वरोजगार हेतु 50 लाख रुपये तक का ऋण निगम के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी को संबंधित कार्य का प्रशिक्षण नहीं है तो शासन द्वारा प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी।


इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विजयराज अग्रवाल ने विद्यालय की स्थापना की पृष्ठभूमि एवं वर्तमान गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थी सिलाई-कढ़ाई, नेल आर्ट, गजरा मेकिंग, लिप्पन आर्ट, वॉल पुट्टी आर्ट, हर्बल लिप बाम, साबुन निर्माण, एलोवेरा बेस साबुन, कैंडल मेकिंग जैसी विधाओं से आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए शीघ्र ही एक सेमिनार आयोजित कर उन्हें स्वरोजगार योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लोकेश कावड़िया ने विद्यालय के बच्चों के साथ समय बिताया और उनके कार्यों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के साथ सिद्धार्थ तिवारी, तुलेश्वर प्रताप सिंह जायसवाल, रक्षा अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


