नई दिल्ली, 29 मई राजधानी दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को आज एक नई दिशा मिली जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में तीन महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें मेडिकल जेनेटिक्स विभाग, NAT टेस्टिंग लैब और लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर कहा, “यह दिल्लीवासियों के लिए गर्व का दिन है। हमने तीन ऐसी परियोजनाएं शुरू की हैं जो न केवल इलाज की गुणवत्ता को बढ़ाएंगी बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत करेंगी।”

देश का चौथा, दिल्ली का पहला मेडिकल जेनेटिक्स विभाग।
इस विभाग की स्थापना से अब दिल्ली में ही ऐसे बच्चों का इलाज संभव होगा जो दुर्लभ आनुवंशिक विकारों के साथ जन्म लेते हैं। आधुनिक तकनीकों से लैस इस विभाग में केवल एक बूंद खून से ही आनुवंशिक विकारों की पहचान की जा सकेगी।

NAT टेस्टिंग लैब से रक्त जांच में क्रांति।
अब रक्तदान से पहले डोनर के खून की जांच सिर्फ 2 दिन में पूरी हो सकेगी, जबकि पहले इसमें 45 दिन लगते थे। NAT (Nucleic Acid Testing) तकनीक से HIV, हेपेटाइटिस B और C जैसे संक्रमणों की शुरुआती अवस्था में ही पहचान संभव होगी। यह दिल्ली में अपनी तरह की पहली सुविधा है।
मातृत्व और नवजात देखभाल के लिए लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट।
यह यूनिट स्तनपान से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद करेगी। यहां माताओं को प्रशिक्षण और परामर्श मिलेगा, जिससे नवजातों को पोषण और सेहत का भरपूर लाभ मिल सकेगा।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर।
इन परियोजनाओं को राजधानी की स्वास्थ्य प्रणाली में एक “गेमचेंजर” के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम आने वाले समय में दिल्ली को चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल कर देगा।