हरियाणा से मंगाकर गोदाम में छिपाई गई थी 300 पेटी शराब, ट्रांसपोर्टर हिरासत में
सरगुजा:–नए साल में अवैध शराब खपाने की बड़ी साजिश पर आबकारी विभाग ने करारा प्रहार किया है। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापेमारी कर करीब 300 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। यह शराब हरियाणा से मंगाई गई थी और अंबिकापुर के कांतिप्रकाशपुर स्थित एक गोदाम में छिपाकर रखी गई थी।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जिस गोदाम में छापेमारी की गई, वह ट्रांसपोर्टर सौरभ सिंह का बताया जा रहा है, जो अंबिकापुर का निवासी है। आबकारी विभाग ने सौरभ सिंह को हिरासत में लेकर अवैध शराब के नेटवर्क को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, सौरभ सिंह पहले भी अवैध शराब कारोबार के आरोप में पुलिस की कार्रवाई का सामना कर चुका है।

एक महीने से चल रही थी निगरानी आबकारी विभाग को शिकायत मिलने के बाद उड़नदस्ता टीम बीते एक महीने से लगातार निगरानी कर रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर बुधवार सुबह कांतिप्रकाशपुर स्थित गोदाम में दबिश दी गई, जहां भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
नए साल में खपाने की थी तैयारी…
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने यह शराब हरियाणा और अन्य राज्यों से मंगाई थी। योजना के तहत नए साल के मौके पर आसपास के इलाकों में इसकी अवैध सप्लाई की जानी थी। इससे पहले भी एक साल पूर्व पंजाब से मंगाई गई करीब 30 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की जा चुकी है, जिससे आरोपी के संगठित नेटवर्क की आशंका और मजबूत हुई है।
अधिकारियों का बयान.
संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि पकड़ी गई शराब हरियाणा से लाई गई थी और बिना किसी वैध अनुमति के गोदाम में रखी गई थी। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से नए साल के जश्न में अवैध शराब की सप्लाई करने वाले माफियाओं में हड़कंप मच गया है।


