बलरामपुर-रामानुजगंज, 22 फरवरी 2026
जिले के बलरामपुर-रामानुजगंज अंतर्गत थाना चांदों पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन बैलों को मुक्त कराया है, जिन्हें कथित रूप से झारखंड सीमा की ओर ले जाया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी चांदों को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नावाडीह कला के पियारटोली मार्ग से दो व्यक्ति तीन बैलों को मारते-पीटते हुए झारखंड बॉर्डर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

मेन रोड पर दो व्यक्तियों को तीन बैलों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुरेंद्र काशी, निवासी धनजी तथा कपिल देव, निवासी ग्राम करचा, थाना चांदों बताया। प्रारंभिक जांच में मवेशी तस्करी की पुष्टि होने पर दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला कायम कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मवेशी तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


