सूरजपुर
76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर वी.एम. कॉलेज परिसर में ग्रामीण अंचल के विद्यालयों के साथ मिलकर एक भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी सामूहिक गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर देशभक्ति, सामाजिक एकता, संवैधानिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का सशक्त मंच बनकर उभरा।
ज्ञानोदय संस्था द्वारा संचालित वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, जूनियर डीपीएस, ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय तथा स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, जयनगर के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। गीत, नृत्य, भाषण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संविधान, स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक कुरीतियों और राष्ट्रीय एकता का प्रभावशाली संदेश दिया।

संविधान पालन ही सच्ची राष्ट्रभक्ति — ठाकुर राजवाड़े
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठाकुर राजवाड़े (प्रांतीय पदाधिकारी, धर्म जागरण) ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जाकर शत्रुओं से लड़ना ही नहीं है, बल्कि देश में रहकर संविधान के नियमों का पालन करना, सभी धर्मों का सम्मान करना, जातिगत छुआछूत और भेदभाव को नकारना तथा मानवता के लिए निरंतर कार्य करना भी उतनी ही बड़ी देशभक्ति है।
उन्होंने कहा कि जब नागरिक पानी, बिजली, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए सजग रहते हुए अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हैं, तब वही सच्चा राष्ट्र निर्माण होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि हर स्कूल और कॉलेज में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय सेवा को अध्ययन का अनिवार्य विषय बनाया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी केवल अधिकारों की नहीं, बल्कि कर्तव्यों की भी समझ विकसित कर सके।
चौथे दशक की ओर अग्रसर ज्ञानोदय संस्था — विजयराज अग्रवाल संस्था के संचालक विजयराज अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञानोदय संस्था समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करते हुए अब चौथे दशक की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा संचालित ज्ञानोदय मूक-बधिर विद्यालय, वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, वीणा कन्या महाविद्यालय और जूनियर डीपीएस के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है।

उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संस्था द्वारा भविष्य में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निर्माण केंद्र, वृद्धजनों के लिए डे-केयर सेंटर तथा नशा प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास हेतु नशा मुक्ति केंद्र प्रारंभ करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रहित और समाजहित में सर्वोच्च योगदान देने की अपील की।
ध्वजारोहण से शुरू हुआ समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च फास्ट के माध्यम से राष्ट्रध्वज को सलामी दी। भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों, ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों, प्रेरक भाषणों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कुछ प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और लोककथाओं की झलक भी देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को और अधिक विशिष्ट बना दिया।

शिक्षकों की रही अहम भूमिका, मंच संचालन प्रभावशाली
कार्यक्रम का सफल एवं सुसंगठित मंच संचालन वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग की शिक्षिकाएं तेजस्विनी पांडे एवं पार्वती दीवान ने किया। आयोजन को सफल बनाने में वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या इस्पा पाण्डेय, वी.एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी की प्राचार्या डॉ. आस्था पाठक, उप-प्राचार्य संतोष सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अतिथियों का सम्मान, आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शोभनाथ राजवाड़े (जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी), देवधान बिंझिया (मंडल अध्यक्ष), श्याम घोषाल, हरीश राजवाड़े, विनोद शाह एवं गोपाल विद्रोही विशेष रूप से उपस्थित रहे।
वी.एम. कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कार्यकारी डायरेक्टर विवेक कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


