जिला सरगुजा/19 जनवरी 2026
सरगुजा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ पुलिस की सख्त और त्वरित कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिशा-निर्देशन में थाना मणीपुर पुलिस टीम ने झपटमारी की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को महज चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से ₹24 हजार नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। कुल मशरुका की कीमत लगभग ₹75 हजार बताई गई है।
बैंक से घर लौटते समय हुई थी वारदात
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी कइला राम, निवासी लक्ष्मीपुर, हुण्ड्रालता (थाना मणीपुर) ने 16 जनवरी 2026 को थाना मणीपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह जिला सहकारी बैंक से ₹30,000 नगद निकालकर साइकिल से घर लौट रहा था। राशि को अगोछा में बांधकर साइकिल की टोकरी में रखा गया था।
शाम लगभग 4:30 बजे तेन्दुपारा, हुण्ड्रालता के पास एक अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आया, हेलमेट लगाए हुए था। उसने रास्ता पूछने और शादी-विवाह हेतु लड़की देखने जैसी बातें करते हुए प्रार्थी को बातचीत में उलझाया और अचानक साइकिल की टोकरी से ₹30,000 नगद व पासबुक झपटकर शहर की ओर फरार हो गया। प्रार्थी के शोर मचाने पर एक पड़ोसी ने आरोपी का पीछा किया और मोटरसाइकिल का नंबर CG 13 AF 8278 (HF डीलक्स, हरे रंग की) नोट किया।
इस रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में अपराध क्रमांक 14/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
तेज कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए तथा तकनीकी व स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास गुप्ता, पिता ऋषि कुमार गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी खुजरी मंदिर पारा, चौकी बारियों, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, हाल मुकाम शिकारी रोड बौरीपारा, थाना कोतवाली अंबिकापुर बताया। आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मकान निर्माण व अन्य कार्यों में लिए गए उधार की रकम चुकाने के लिए उसने झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया।

₹24 हजार नगद व मोटरसाइकिल जब्त
आरोपी के कब्जे से ₹24,000 नगद राशि एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AF 8278 जब्त की गई। आरोपी ने शेष रकम खर्च हो जाने की बात कही। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक रामचंद्र गुप्ता, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, उमाशंकर साहू, रामाशंकर यादव एवं अनिल सिंह की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।


