रायपुर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय उस समय जुड़ गया, जब केंद्र सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) से मान्यता प्राप्त प्रदेश की एकमात्र समाचार एजेंसी राष्ट्रीय न्यूज सर्विस (आरएनएस) ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया। यह आयोजन 16 दिसंबर को रायपुर के शांति नगर स्थित वीमतरा हॉल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आरएनएस ने प्रिंट मीडिया की सशक्त विरासत को आगे बढ़ाते हुए डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। डिजिटल युग की चुनौतियों और संभावनाओं को स्वीकार करते हुए आरएनएस का यह कदम आधुनिक पत्रकारिता की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लक्ष्मण शुक्ला एवं आरएनएस के प्रधान संपादक राजेंद्र शुक्ला द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। मंच संचालन स्वराज दास ने किया। इस अवसर पर संपादक हर्ष शुक्ला ने आरएनएस की 25 वर्षों की संघर्षपूर्ण, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज की पत्रकारिता की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है।

रजत जयंती समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं आरएनएस से लंबे समय से जुड़े एच.डी. महंत की भूमिका विशेष रूप से सराही गई। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव, संगठनात्मक योगदान और निरंतर सक्रियता को देखते हुए उन्हें मंच पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। प्रधान संपादक राजेंद्र शुक्ला ने श्री महंत को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। अतिथियों ने उनके अनुभव को युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक बताया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही एवं जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने आरएनएस की निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता की प्रशंसा की और संस्था को रजत जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में बस्तर संभाग प्रमुख केशव सलहोत्रा, सरगुजा संभाग प्रमुख कृष्ण सिंह, वरिष्ठ पत्रकार सतेन्द्र पंथ, संदीप शर्मा सहित अनेक पत्रकारों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर आरएनएस डिजिटल टीम से जुड़े नए रिपोर्टरों को माइक आईडी प्रदान कर डिजिटल पत्रकारिता में औपचारिक रूप से शामिल किया गया।
राज्यभर से बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न यह रजत जयंती समारोह न केवल आरएनएस की 25 वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव बना, बल्कि डिजिटल युग में जिम्मेदार और सशक्त पत्रकारिता के संकल्प के रूप में भी यादगार रहा।


