सूरजपुर
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए उप आयुक्त सहकारिता कार्यालय में पदस्थ सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक ने लेखपाल के पद पर नियुक्ति कराने के एवज में प्रार्थी से 1 लाख 50 हजार रुपये की अवैध मांग की थी।
पीड़ित द्वारा रिश्वत की मांग से परेशान होकर इसकी शिकायत एसीबी से की गई। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने 40 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
भ्रष्टाचार की जड़ पर प्रहार।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी लंबे समय से प्रार्थी पर नियुक्ति के नाम पर दबाव बना रहा था और मोटी रकम की मांग कर रहा था। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की पूछताछ में यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं।
24 घंटे में दूसरी बड़ी कार्रवाई।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले ही सूरजपुर जिले में एसीबी ने तहसील कार्यालय जरही में पदस्थ बाबू लोखन राम को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोपी बाबू पर क्षतिपूर्ति मुआवजा प्रकरण के निराकरण के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
जिले में मचा हड़कंप।

लगातार 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग विभागों में की गई एसीबी की कार्रवाई से जिले के शासकीय कार्यालयों में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ इस सख्त रुख को लेकर आम जनता में राहत और भरोसे का माहौल देखा जा रहा है।
एसीबी की चेतावनी।

एसीबी अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि शासकीय कामों के बदले रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो बिना डर एसीबी से शिकायत करें।


