सूरजपुर:–धान खरीदी सत्र शुरू होने से पहले ही धान माफियाओं की अवैध गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। लेकिन इस बार जिला प्रशासन की सतर्कता ने एक बड़ी गड़बड़ी को समय रहते पकड़ लिया। भैयाथान तहसील प्रशासन ने सोमवार को तड़के शाम करीब 5 बजे ग्राम पंचायत सिरसी में छापा मारकर एक ग्रामीण के मकान से अवैध रूप से भंडारित करीब 250 बोरी धान जब्त किया है।
तहसीलदार और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के बाद भैयाथान तहसीलदार, फूड इंस्पेक्टर और स्थानीय राजस्व अमले की टीम मौके पर पहुँची। ग्रामीणों की मौजूदगी में मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और जब्त किए गए धान को सुरक्षित स्थान पर रखा गया।
प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि यह धान संभवतः मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से अवैध रूप से लाया गया था, जिसे समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए जिले की सोसायटियों में खपाने की तैयारी चल रही थी।

अवैध कारोबारियों की सक्रियता बढ़ी।
जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने की तिथि 15 नवंबर तय की गई है। इसके पहले ही कोचियों और धान माफियाओं ने सक्रिय होकर राज्य की सीमाओं से धान की अवैध आवाजाही शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बिहारपुर, नवा टोला और अन्य बॉर्डर इलाकों से रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों व ट्रकों के ज़रिए धान की तस्करी की जा रही है। यह धान स्थानीय समितियों में पंजीकृत किसानों के नाम पर बेचने की साजिश रची जा रही थी, ताकि 3100 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य का अनुचित लाभ उठाया जा सके।

प्रशासन ने सख्त निगरानी की दी चेतावनी।
भैयाथान तहसीलदार शिव नारायण राठिया ने कहा “धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह की अवैध भंडारण या धान की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
इधर जिला खाद्य अधिकारी ने भी बताया कि सभी धान खरीदी केंद्रों, गोदामों और बॉर्डर क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। निगरानी दलों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी संदिग्ध वाहन या गोदाम की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दें।

किसानों के हित में प्रशासन की तत्परता
प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जिले के पात्र और वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए हर कदम पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
यह कार्रवाई प्रशासन की उस दृढ़ नीयत को दर्शाती है कि अवैध व्यापारियों और बिचौलियों के लिए अब कोई जगह नहीं छोड़ी जाएगी।


