डीआईजी/एसएसपी बोले – लगातार अध्ययन और अपडेट रहने से कार्य होगा प्रभावी।
सूरजपुर, 10 अप्रैल 2025।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में गुरुवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों व जवानों को भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, एसडीओपी प्रतापपुर सौरभ उईके, डीएसपी अनूप एक्का तथा डीएसपी रितेश चौधरी ने प्रतिभाग किया और कानूनों की व्याख्या की।
डीआईजी श्री ठाकुर ने कहा कि हर नागरिक प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कानून से जुड़ा होता है, अतः यह आवश्यक है कि पुलिसकर्मी इन नए कानूनों का सतत अध्ययन कर अपडेट रहें। इससे न केवल कार्य में सरलता आएगी, बल्कि अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी होगी।

उन्होंने ‘जीरो एफआईआर’, ऑनलाइन शिकायत प्रणाली, मोबाइल एसएमएस के जरिए समन भेजना, और जघन्य अपराधों के स्थल की अनिवार्य वीडियोग्राफी जैसे प्रावधानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों से कहा कि उनका प्रमुख कर्तव्य अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में विशेष संवेदनशीलता बरतने और शिकायतों पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही।
इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को नए कानूनों की जानकारी देने हेतु नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि वे ठगी जैसे अपराधों से बच सके।
इस प्रशिक्षण सत्र में जिले के सभी पुलिस अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
