कुसमी पुलिस की कार्रवाई, NDPS एक्ट के तहत भेजे गए जेल।
कुसमी (बलरामपुर-रामानुजगंज) जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन का अवैध परिवहन कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च को कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी मनेश कुमार प्रजापति अपने दो साथियों के साथ झारखंड के महुआडांड़ की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल में नशीले इंजेक्शन लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कुसमी-कोरंधा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका।

तलाशी के दौरान बाइक सवार तीनों युवकों के कब्जे से पालिथीन में रखे 13 नग फेनिरामिन मेलिएट (Avil) इंजेक्शन तथा 13 नग बुप्रेनॉर्फिन (Rexogesic) इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल मिलाकर लगभग 156.5 मिलीलीटर नशीला पदार्थ जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सैफ, मनेश कुमार प्रजापति एवं पंकज प्रजापति, निवासी कुसमी, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जब्त किए गए नशीले इंजेक्शन और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


